मुबारकबाद : गोरखपुर से चुने गए 131 हज यात्री


 

  • उप्र से चुने गए 22510 
  • हज यात्रा के लिए प्रथम किश्त जमा करने के लिए ऑनलाइन वेबसाइट -हज सुविधा एप
  • 10 अगस्त तक जमा करने होंगे 1 लाख 52 हजार 300 रुपये


गोरखपुर।

हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले के यात्रियों के चयन के लिए गुरुवार को हज कमेटी ऑफ इण्डिया हज हाउस मुम्बई द्वारा ऑनलाइन कु़र्रा के माध्यम से उत्तर प्रदेश से आवेदन करने वाले 22,510 आवेदकों का चयन कर लिया गया है। वहीं गोरखपुर से 131 हज यात्रियों का चयन हुआ है। इसकी सूचना हज कमेटी ऑफ इण्डिया, मुम्बई द्वारा सभी यात्रियों को उनके रजिस्टर्ड फोन नम्बर पर उपलब्ध करा दी गई है। चुने गए यात्रियों को पहली किश्त के रूप में एक लाख 52 हजार 300 रुपये 10 अगस्त तक जमा करने होंगे।


इसके अतिरिक्त सभी चयनित हज यात्रियों की सूची वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in व www.hajcommittee.up.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। इस सूची में कवर नम्बर व बैंक रिफरेंस नम्बर भी अंकित कर दिया गया है ताकि चयनित आवेदकों को प्रथम किश्त  1,52,300 रुपए जमा करने में कोई असुविधा न हो। प्रत्येक प्रोवीज़नली चयनित आवेदक को प्रति यात्री प्रथम किश्त के रुप में धनराशि 1,52,300 रुपए 10 अगस्त तक हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई के यूनियन बैंक व भारतीय स्टेट बैंक इण्डिया खाते में जमा करनी होगी।


हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई के बैंक खाते में धनराशि जमा करने के लिए पे-इन-स्लिप वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in व www.hajcommittee.up.gov.in से डाउनलोड की जा सकती है। साथ ही चयनित हज आवेदक निर्धारित धनराशि ऑनलाइन वेबसाइट https://.hajcommittee.gov.in व हज सुविधा एप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड व नेट बैंकिंग के माध्यम से भी जमा कर सकते हैं।


धनराशि जमा करने के बाद प्रत्येक हज यात्री को धनराशि जमा की पे-इन-स्लिप स्वतः हस्ताक्षरित हज आवेदन फार्म, घोषणा पत्र, अन्तर्राष्ट्रीय पासपोर्ट के लिए घोषणा पत्र, मेडिकल स्क्रीनिंग एण्ड फिटनेस सर्टिफिकेट (जो वेबसाइट पर उपलब्ध है) हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई के पोर्टल पर अपने लॉग-इन आईडी से अपलोड करना होगा।

यदि किसी हज आवेदक को उक्त प्रपत्र अपलोड करने में कोई असुविधा होती है तो ऐसे आवेदकों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय पर भी प्रपत्रों को अपलोड करने की व्यवस्था की गई है। ज़िलों में संबंधित यात्री हज ई-सुविधा केंद्र के माध्यम से भी सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ