हज-2027 के चयनित यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग अनिवार्य, 15 सितंबर तक प्रमाण-पत्र अपलोड करने के निर्देश

दो चरणों में होगी स्वास्थ्य जांच, सरकारी चिकित्सा केंद्रों से फिटनेस प्रमाण-पत्र लेना जरूरी

गोरखपुर। हज-2027 के लिए चयनित हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चयनित हज यात्रियों को हज यात्रा पर जाने से पहले दो चरणों में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस जांच कराना अनिवार्य होगा। प्रथम चरण की जांच हज यात्रियों के चयन के बाद, जबकि दूसरे चरण की जांच उड़ान से पूर्व कराई जाएगी। 


राज्य हज समिति के अनुसार प्रथम चरण में चयनित हज यात्रियों की स्वास्थ्य जांच स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्रों में एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक द्वारा कराई जाएगी। इसके बाद चिकित्सक की ओर से फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।

मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र के साथ अग्रिम जमा धनराशि की रसीद और अन्य आवश्यक प्रपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट hajcommittee.gov.in पर 15 सितंबर तक अपलोड करना होगा। हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रथम चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाण-पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण-पत्र एवं जांच रिपोर्ट अपने पास सुरक्षित रखें, ताकि दूसरे चरण की जांच के दौरान इसे प्रस्तुत किया जा सके।


बीमारी छिपाने पर यात्रा हो सकती है निरस्त


जारी निर्देश में हज यात्रियों को विशेष रूप से आगाह किया गया है कि मेडिकल जांच के दौरान किसी भी प्रकार की बीमारी को छिपाया न जाए। जांच में यदि कोई यात्री अनफिट पाया जाता है तो उसकी हज यात्रा निरस्त की जा सकती है और नियमानुसार जमा धनराशि वापस की जाएगी। वहीं, यदि किसी यात्री द्वारा जानबूझकर बीमारी से संबंधित जानकारी छिपाई जाती है और जांच में उसे अनफिट पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है तथा जमा धनराशि जब्त किए जाने का भी प्रावधान बताया गया है। 


गोरखपुर के चयनित यात्रियों से अपील


जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य की ओर से जिले के हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों से अपील की गई है कि वे मुख्य चिकित्साधिकारी से संपर्क कर मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करें। इसके बाद फिटनेस प्रमाण-पत्र और जांच रिपोर्ट को निर्धारित समय सीमा के भीतर हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड करें, ताकि दूसरे चरण की जांच के समय आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ