हज-2027: चयनित यात्रियों की मेडिकल जांच अनिवार्य, 30 सितंबर तक वेबसाइट पर अपलोड करना होगा फिटनेस प्रमाण-पत्र


लखनऊ, 15 सितंबर 2026। हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र को लेकर हज कमेटी ऑफ इंडिया ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सर्कुलर-13 के तहत चयनित हज यात्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सरकारी चिकित्सा केंद्रों पर स्वास्थ्य जांच कराकर एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य किया गया है।

हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देश के अनुसार चयनित यात्रियों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर मेडिकल जांच करानी होगी। मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र के साथ अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 30 सितंबर 2026 तक अपलोड करना अनिवार्य है।

जो यात्री किसी कारणवश अपने दस्तावेज वेबसाइट पर अपलोड नहीं कर पा रहे हैं, वे अपने आवश्यक प्रपत्र 01 अक्टूबर 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव/कार्यपालक अधिकारी मोहम्मद तारिक ने बताया कि एनआरआई यानी प्रवासी भारतीयों के लिए भी मेडिकल स्क्रीनिंग की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। अन्य देशों में निवास कर रहे चयनित हज यात्री उसी देश के सरकारी चिकित्सालय में अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर संबंधित रिपोर्ट हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर अपलोड या प्रेषित करेंगे।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को भी चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि यात्रियों को निर्धारित समय के भीतर जांच की सुविधा मिल सके।

मोहम्मद तारिक ने चयनित हज यात्रियों से अपील की कि वे मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस की प्रथम चरण की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कर लें। साथ ही मेडिकल प्रमाण-पत्र और जांच रिपोर्ट को सुरक्षित रखें, क्योंकि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

हज यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित यात्रियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक दस्तावेज और मेडिकल प्रमाण-पत्र तैयार कर समय से अपलोड या जमा कर दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ