गोरखपुर। पैगंबर-ए-अज़म हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत और उनकी शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से अल-क़लम ट्रस्ट, गोरखपुर ने विशेष अभियान शुरू करने की अपील की है। ट्रस्ट की ओर से जारी मीलाद कार्ड के माध्यम से लोगों से कहा गया है कि बिना किसी खर्च और नजराने के अपने-अपने घरों में महफिल-ए-मीलाद सजाएं और परिवार तथा आसपास के लोगों तक सीरतुन्नबी ﷺ का संदेश पहुंचाएं। अभियान का संदेश है— “महफिल-ए-मीलाद सजाना है, घर-घर सीरतुन्नबी पहुंचाना है।”
ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि महफिल-ए-मीलाद के आयोजन को खर्चीला बनाने के बजाय सादगी के साथ घरों में आयोजित किया जाए। इसमें किसी तरह के नजराने, शुल्क, चाय-पानी या खाने की अनिवार्यता न हो। इसका मुख्य उद्देश्य पैगंबर-ए-अकरम ﷺ की जिंदगी, उनके अखलाक, उनकी शिक्षाओं और उनके बताए हुए रास्ते से लोगों को परिचित कराना है।
अल-क़लम ट्रस्ट ने दीनी खिदमत के साथ शिक्षा और सामाजिक सेवा को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। ट्रस्ट के अनुसार मजहब-ए-इस्लाम की सूझबूझ रखने वाले तरबियतयाफ्ता लोगों को तैयार करने के लिए इदारे, स्कूल, मदरसे, मकतब और सेंटर कायम किए जाने की जरूरत है। इसके माध्यम से बच्चों और आम लोगों को दीनी जानकारी उपलब्ध कराने तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।
अभियान में आम लोगों को दीन सिखाने और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में मदद करने के लिए काउंसलिंग सेशन और छोटे-छोटे कोर्स चलाने की भी अपील की गई है। साथ ही उलमा, मशाइख और मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों की हर संभव खिदमत करने का आह्वान किया गया है, ताकि आर्थिक या अन्य कठिनाइयों के कारण उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
ट्रस्ट ने जरूरतमंद मुस्लिम परिवारों की मदद के लिए बच्चों की स्कूल फीस, गर्म कपड़े, किताबें और दूसरी जरूरी चीजें उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील भी की है। इसके अलावा कौम की भलाई के लिए विभिन्न दीनी और मिल्ली खिदमतों को आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों का सहारा बनने का संदेश दिया गया है।
अल-क़लम ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि समाज की बेहतरी के लिए केवल व्यक्तिगत स्तर पर ही नहीं, बल्कि सामूहिक रूप से भी दीनी, शैक्षणिक और सामाजिक सेवाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार इन नेक कार्यों में सहयोग करें और अभियान का हिस्सा बनें।
ट्रस्ट ने अभियान से जुड़ने और सहयोग करने के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं। मोबाइल नंबर: 7860799059, 9198493307, 9415690972, 9336193501, 8545087259 और 9235198984।
आयोजन: अल-क़लम ट्रस्ट, गोरखपुर।

0 टिप्पणियाँ