लखनऊ, 18 सितंबर। हज-2027 की तैयारियों के बीच हज कमेटी ऑफ इंडिया ने महिलाओं के लिए अहम सुविधा का ऐलान किया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से 16 सितंबर 2026 को जारी सर्कुलर-14 के तहत महरम श्रेणी में महिलाओं के लिए 500 सीटें आवंटित की गई हैं। इसका लाभ उन महिलाओं को मिल सकेगा, जो किसी कारणवश अपने महरम के साथ हज के लिए आवेदन नहीं कर सकी हैं, जबकि उनके महरम का हज-2027 के लिए चयन हो चुका है।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ऐसी महिला आवेदक अपने महरम के कवर में शामिल होने के लिए निर्धारित सुविधा के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर 2026 से शुरू होकर 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए महिला आवेदक का पहले हज कमेटी या हज ग्रुप ऑर्गनाइजर के माध्यम से हज किया हुआ नहीं होना चाहिए। आवेदन केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा। ऑफलाइन, हस्तलिखित अथवा टाइप किए हुए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदक के पास वैध मशीन रीडेबल पासपोर्ट होना अनिवार्य है। पासपोर्ट आवेदन करने की तिथि से पहले जारी होना चाहिए और उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी आवश्यक है।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान महिला आवेदक को अपने पासपोर्ट के प्रथम और अंतिम पृष्ठ, पासपोर्ट साइज फोटो, आवासीय पते का प्रमाण तथा महरम से संबंध प्रमाणित करने वाला दस्तावेज अपलोड करना होगा।
हज कमेटी ने कवर से संबंधित भी महत्वपूर्ण शर्त रखी है। जिस कवर में महिला आवेदन कर रही है, उसमें उन्हें शामिल करने के बाद कुल पांच से अधिक आवेदन मान्य नहीं होंगे।
यदि निर्धारित 500 सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो लाभार्थियों का चयन डिजिटल रैंडम सिलेक्शन यानी ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। ऐसे में आवेदन करने वाली सभी महिलाओं का चयन सुनिश्चित नहीं होगा।
हज-2027 के लिए महरम के साथ जाने की इच्छुक पात्र महिलाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि वह इस विशेष सुविधा का लाभ उठा सकें।

0 टिप्पणियाँ