जामिया अल इस्लाह एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस


गोरखपुर। नौरंगाबाद, गोरखनाथ स्थित जामिया अल इस्लाह एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेयर तथा कुरआन-ए-करीम की तिलावत से हुई। कक्षा 3 के छात्र सुफियान ने तिलावत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया।

इसके बाद विद्यालय के संरक्षक फुजैल एवं संचालक आसिफ महमूद ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण नजर आया।

विद्यालय की जनरल सेक्रेटरी आयशा खातून ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और कुर्बानी का परिणाम है, इसलिए नई पीढ़ी को उनके योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए।

विद्यालय की प्रिंसिपल शिरीन आसिफ ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ जिम्मेदारी, अनुशासन, शिक्षा और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना है। विद्यार्थियों से देश की तरक्की में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

विद्यालय के संचालक आसिफ महमूद ने अपने संबोधन में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अंग्रेज भारत में किस प्रकार आए और धीरे-धीरे उन्होंने अपना शासन स्थापित किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में विभिन्न वर्गों और समुदायों के लोगों द्वारा दिए गए योगदान तथा देश के लिए जान की कुर्बानी देने वाले वीरों को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के इतिहास को पढ़ने और अपने शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील की।

इस अवसर पर मोहम्मद असद, इश्तियाक अहमद और गुलाम कादिर को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों की खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ, अभिभावकों और विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता, शांति और खुशहाली की कामना के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ