पत्रकारों ने फहराया तिरंगा, एकता-अखंडता और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा का लिया संकल्प


 गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को मीडिया सेंटर, गाजी रौजा तिराहा, डॉ. अजीज अहमद रोड पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया और राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं ‘परिवर्तन उदय’ हिंदी दैनिक की प्रधान संपादक श्रीमती वंदना चौहान का फूलमाला, बैज एवं तिरंगा पट्टी पहनाकर स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार आर.के. चौहान का राष्ट्रीय संगठन सचिव अखिलेश्वर धर द्विवेदी ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि वंदना चौहान ने राष्ट्रध्वज फहराया। राष्ट्रगान के पश्चात तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर एकता, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि वंदना चौहान ने पत्रकारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी केवल ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों की निरंतर जिम्मेदारी है। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों को निर्भीक, निष्पक्ष और जिम्मेदार रहते हुए समाज एवं राष्ट्र के सामने सत्य को प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में राष्ट्रहित, जनहित और सामाजिक सरोकार सर्वोच्च होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे समय में पत्रकारों को अपनी कलम का सकारात्मक इस्तेमाल करते हुए समाज में भाईचारा, सद्भाव और जागरूकता बढ़ाने का काम करना चाहिए। सत्य, तथ्य और जिम्मेदारी को पत्रकारिता का आधार बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अति विशिष्ट अतिथि सेराज अहमद कुरैशी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आजादी की रक्षा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पत्रकार समाज की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और हितों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। पत्रकारों को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। भय, दबाव और पक्षपात से मुक्त होकर जनहित में पत्रकारिता करना ही सच्ची स्वतंत्र पत्रकारिता है। देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ पत्रकार आर.के. चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी हैं और उन्हें अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाना और जरूरतमंदों की आवाज बनना भी है।

उन्होंने डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि खबरों की सत्यता की पुष्टि किए बिना किसी सूचना को प्रसारित करना समाज में भ्रम पैदा कर सकता है। ऐसे में पत्रकारों को विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और जिम्मेदारी को अपनी पत्रकारिता का मूल आधार बनाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और पत्रकार एकता की भावना से ओतप्रोत रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव तथा पत्रकारों के हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मो. इरफानुल्लाह खान राष्ट्रीय महासचिव, अखिलेश्वर धर द्विवेदी राष्ट्रीय संगठन सचिव, नवेद आलम प्रदेश कोषाध्यक्ष, रफी अहमद अंसारी मंडल अध्यक्ष गोरखपुर, डॉ. अतीक अहमद एवं सतीश चंद्र मंडल सचिव, मोहम्मद आजम जिला प्रवक्ता, अंशुल वर्मा शहर अध्यक्ष, रमाशंकर गुप्ता, जुबेर आलम, श्रवण कुमार गुप्ता, अजमेर खान, सेराज अहमद, मोहम्मद रफीक अहमद, मेराज अहमद, मोहम्मद मोहतशिम, ललित सिंह, मोहम्मद जिशान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ