26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी पर निकलने वाले जुलूस को लेकर इमाम चौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने एडीएम एफआर को सौंपा ज्ञापन, प्रशासन ने शीघ्र निस्तारण का दिया भरोसा
गोरखपुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को प्रस्तावित जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जुलूस को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए इमाम चौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी ने प्रशासन से जुलूस के सभी मार्गों पर मूलभूत व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की है।
कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम एफआर जय प्रकाश को ज्ञापन सौंपा। महासचिव नबीउल्लाह अंसारी ने ज्ञापन पढ़कर सुनाया। एडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि जुलूस से संबंधित समस्याओं का समय रहते निस्तारण कराया जाएगा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने कहा कि हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि व आलिही वसल्लम की पैदाइश पूरी दुनिया में अदब और एहतराम के साथ मनाई जाती है। उनकी याद में निकलने वाला जुलूस-ए-मोहम्मदी एकता, भाईचारे और अमन का संदेश देता है। उन्होंने प्रशासन से जुलूस के सभी निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क, नाली और विद्युत व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की।
इस मौके पर विशेष रूप से आमंत्रित फिराक साहब सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. छोटे लाल यादव और समाजसेवी ऋषि प्रताप सिंह ने कहा कि हजरत मुहम्मद साहब पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए। ऐसे में उनकी मुहब्बत में निकलने वाले जुलूस के मार्गों पर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
शिया फेडरेशन के संरक्षक एडवोकेट एजाज रिजवी ने कहा कि पैगंबरे इस्लाम के जन्मदिन को अकीदतमंद पूरी श्रद्धा और अदब के साथ मनाते हैं। प्रशासन को जुलूस के मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऑल इंडिया उर्स कमेटी के अध्यक्ष मुहम्मद रजा लड्डन खान ने बारिश के मौसम को देखते हुए विशेष इंतजाम की मांग की। उन्होंने कहा कि जुलूस के मार्गों पर नालियों की सफाई, विद्युत पोलों की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा प्रमुख स्थानों पर चूना छिड़काव कराया जाना जरूरी है।
समाजसेवी मुर्तजा हुसैन रहमानी ने इबादतगाहों के साथ दरगाहों, खानकाहों और कब्रिस्तानों के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के मौके पर स्वच्छता और व्यवस्था को लेकर प्रशासन को व्यापक स्तर पर अभियान चलाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जुलूस के सभी निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कराकर सड़क, नाली, बिजली, प्रकाश, सफाई और चूना छिड़काव सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से जुलूस शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
इस अवसर पर नबीउल्लाह अंसारी, वकील अहमद, फखरे आलम, मंसूर आलम, हाजी खुर्शीद आलम, महमूद अहमद अंसारी, मुहम्मद निजामुद्दीन अंसारी, डॉ. छोटे लाल यादव, महफूज आलम, मुहम्मद सैफ, अकील अहमद मुन्ना, शाहिद चौधरी, मुहम्मद फैसल अंसारी, सैफुर्रहमान, तौफीक अंसारी, कमरुद्दीन अंसारी, मकसूद आलम, गुलाम अली खान, मुहम्मद शमीम, शकील अहमद अंसारी, ऋषि प्रताप सिंह, इरफान घोसी, मुहम्मद इसराइल, जमील अहमद, सलमान मलिक, शहजादे अली समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






0 टिप्पणियाँ