26 अगस्त के जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी सक्रिय, प्रशासन को सौंपा 15 सूत्रीय मांगपत्र


गोरखपुर। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के अवसर पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की व्यवस्थाओं को लेकर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने जिला प्रशासन से तैयारियां समय रहते पूरी कराने की मांग की है। कमेटी के जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर सफाई, बिजली, पानी, सुरक्षा और जुलूस मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

कमेटी ने बताया कि महानगर की विभिन्न मस्जिदों, मदरसों और इमामबाड़ों से परंपरागत मार्गों पर 26 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे से जुलूस निकलेगा, जो देर शाम तक जारी रहेगा। इसे देखते हुए जुलूस मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई, चूने का छिड़काव तथा पर्याप्त पथ प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में जुलूस के दौरान विद्युत कटौती से महानगर को मुक्त रखने और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। इसके अलावा प्रशासन और नगर निगम से जुलूस के प्रमुख मार्गों का पहले से पैदल निरीक्षण कर समस्याओं का समय रहते समाधान कराने की अपील की गई।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जुलूस के आगे और पीछे पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने की मांग की गई। कमेटी ने धर्मशाला, हजारीपुर, रेती चौक, बक्शीपुर, नखास, घंटाघर, हाल्सीगंज और पांडेयहाता सहित प्रमुख जुलूस मार्गों पर चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों की सराहना की जाती है, लेकिन 26 अगस्त को जुलूस के सुचारु आवागमन के लिए उस दिन निर्माण कार्य स्थगित रखा जाए और मार्गों की विशेष सफाई कराई जाए।

कमेटी ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर जुलूस से पहले व्यवस्थाएं पूरी कराने की मांग की, ताकि जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान महासचिव हाजी सोहराब खान, ख्वाजा शमसुद्दीन, अशफाक मेकरानी, डॉ. इरफान खान, हाफिज मुजीबुर रहमान, सैयद रेहान मारूफी, आफताब अहमद, कमरुद्दीन अंसारी, मोहम्मद दानिश मुतवल्ली, गुलाम अली खान, मोहम्मद नदीम, डॉ. जावेद खान, प्रवीण कुमार एडवोकेट, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद अनीस एडवोकेट, दिलशाद, महफूज आलम मुतवल्ली, कबीर अली मुतवल्ली, अहमद अली गुड्डू मुतवल्ली, शमीम अहमद, शाहिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ