जुलूस-ए-मुहम्मदी के लिए पुख्ता इंतजाम की मांग, आफताब अहमद ने सौंपा ज्ञापन


गोरखपुर। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस-ए-मुहम्मदी को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महानगर सचिव आफताब अहमद और मोहम्मद नदीम के नेतृत्व में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से जुलूस के निर्धारित मार्ग पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बिजली, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में जुलूस मार्ग की विशेष साफ-सफाई कराने, जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था, नालियों की सफाई, सड़कों एवं गड्ढों की मरम्मत तथा चूना छिड़काव कराने की मांग की गई। इसके अलावा आवारा पशुओं को नियंत्रित करने और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भी अनुरोध किया गया।

ज्ञापन में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जुलूस मार्ग पर ढीले एवं जर्जर बिजली के तारों को दुरुस्त कराने तथा संभावित विद्युत खतरों को समय रहते दूर करने की मांग की गई।

आफताब अहमद एवं मोहम्मद नदीम ने प्रशासन से जुलूस के निर्धारित मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जुलूस फज्र की नमाज के बाद शुरू होकर देर रात तक चलता है, इसलिए पूरे दिन मार्ग पर विशेष निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जुलूस-ए-मुहम्मदी आपसी भाईचारे, अमन और सौहार्द का संदेश देता है। ऐसे में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित तिथि से पहले पूरी करें, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस अवसर पर हिमालय कुमार, गोलू यादव, अनूप यादव, गुलाम अली खान, हाजी खुर्शीद आलम, मोहम्मद शमीम, महमूद अंसारी, मोहम्मद असलम, अयूब खान, हम्ज़ा जमाल, खालिक सोनू अली, शहाबुद्दीन अली, रिज़वान अहमद, मोहम्मद शादाब आदि मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ