मदरसों ने निकाली तिरंगा यात्रा, गूंजा ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ का नारा

जामिया अल इस्लाह एकेडमी नौरंगाबाद गोरखनाथ से निकाली गई तिरंगा यात्रा 

 गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले के अनुदानित एवं गैर-अनुदानित मान्यता प्राप्त मदरसों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 

इसी क्रम में गुरुवार को जामिआ अल इस्लाह एकेडमी, नौरंगाबाद, गोरखनाथ में विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान की शपथ भी दिलाई गई।

विद्यालय के संचालक आसिफ महमूद ने विद्यार्थियों को तिरंगे की महत्ता, गरिमा और सम्मान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

तिरंगा यात्रा जामिआ अल इस्लाह एकेडमी से शुरू होकर नौरंगाबाद, कुंतीनगर, जाहिदाबाद, जमुनाहियाबाग, हुसैनाबाद तथा गली नंबर एक, दो, तीन और चार से होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

जमुनाहियाबाग में हाजी रईस अहमद के यहां बच्चों के लिए पानी, बिस्कुट, टॉफी और चॉकलेट की व्यवस्था की गई। वहीं गली नंबर तीन में इश्तियाक की ओर से भी बच्चों के लिए पानी, बिस्कुट और चॉकलेट का इंतजाम किया गया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

कार्यक्रम में पार्षद नूर मोहम्मद, फुजैल अहमद, शाह आलम, कांग्रेस नेता समीउल्लाह, शाबाज, जुलजुलाल, जाहिद, रेहान, अफसर, जीशान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।




विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस तक तिरंगा यात्रा, शपथ, जागरूकता और अन्य विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ को विशेष बनाने के लिए सभी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ