ईद मिलादुन्नबी की खुशी में गौसिया मदरसे के बच्चों को बांटे नए कपड़े


गोरखपुर। ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी की ओर से मानबेला स्थित गौसिया मदरसे में बच्चों के बीच नए कपड़े, फल और मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाई गईं। कार्यक्रम कमेटी के जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान मदरसे में सेमिनार का भी आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की सीरत, इंसानियत, मोहब्बत और अमन के पैगाम पर रोशनी डाली।


सेमिनार को संबोधित करते हुए कमेटी के जिलाध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद ने कहा कि रबीउल अव्वल का महीना पूरी दुनिया के मुसलमानों के लिए खुशी और अकीदत का महीना है। इसी मुबारक महीने में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ दुनिया में तशरीफ लाए। लोग अपनी-अपनी जगहों पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ मनाकर उनके पैग़ाम को याद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कमेटी ने फैसला किया कि ईद मिलादुन्नबी ﷺ की खुशी उन बच्चों के साथ भी साझा की जाए, जो मदरसे में शिक्षा हासिल कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम एक दिन पहले आयोजित किया गया, ताकि बच्चे यौमे पैदाइश के दिन नए कपड़े पहनकर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी ﷺ के कार्यक्रमों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि कमेटी का उद्देश्य जरूरतमंद और मासूम बच्चों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटना और समाज में भाईचारे व मोहब्बत का संदेश देना है।

कमेटी के महासचिव हाजी सोहराब खान ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद  ﷺ केवल मुसलमानों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत के लिए रहमत बनकर दुनिया में तशरीफ लाए। उनकी पूरी जिंदगी इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और अमन का संदेश देती है। हमें उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए।

गौसिया मदरसे के प्रबंधक हाफिज हदीस अहमद ने इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें नए कपड़े, फल और मिठाइयां बांटने का फैसला काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि रबीउल अव्वल के मुबारक महीने में कमेटी का मदरसे में आना उनके लिए खुशी और सौभाग्य की बात है।

इस अवसर पर हाजी सोहराब खान, आफताब अहमद, शकील शाही, डॉ. जावेद खान, मोहम्मद नदीम, अशफाक हुसैन मेकरानी, शाहिद खान और मोहम्मद वसीम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कमेटी के उपाध्यक्ष शकील शाही ने बताया कि 26 अगस्त को इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के तत्वावधान में जाफरा बाजार में जुलूस-ए-मोहम्मदी ﷺ का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने लोगों से जुलूस में शामिल होने वाले लोगों का स्वागत करने और अमन व भाईचारे का संदेश देने की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ