समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, अहमदुल्लाह को पूर्वांचल महासचिव और वजीउल्लाह अंसारी को बनाया गया पूर्वांचल सचिव
गोरखपुर। एआईएमआईएम गोरखपुर इकाई की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक यूथ जिलाध्यक्ष सिराज अहमद खान के कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, पार्टी संगठन को मजबूत करने और संगठन के विस्तार को लेकर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
बैठक के मुख्य अतिथि एआईएमआईएम पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्वांचल उपाध्यक्ष मुन्ना अंसारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता यूथ जिलाध्यक्ष सिराज अहमद खान ने की। संचालन एआईएमआईएम गोरखपुर के मीडिया प्रभारी कारी गुलाम जिलानी अशरफी ने किया।
बैठक के दौरान पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की घोषणा भी की। वर्तमान जिला अध्यक्ष अहमदुल्लाह को पदोन्नत करते हुए पूर्वांचल महासचिव नियुक्त किया गया। वहीं, पूर्व जिला अध्यक्ष वजीउल्लाह अंसारी को पूर्वांचल सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को बधाई दी।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझना और पार्टी के संदेश को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्वांचल सचिव सहमद अली, जिला महासचिव शमीम खान, जिला महासचिव मुनव्वर हुसैन, महानगर अध्यक्ष कैश अंसारी, शमसुद्दीन खान, अधिवक्ता सूरज विद्यार्थी, अधिवक्ता नायाब खान, साजिद खान, असलम खान, मोहम्मद समीर, रेहान खान, साहिल, मोहम्मद दिलशाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।



0 टिप्पणियाँ