गोरखपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद ﷺ के जन्मदिवस के अवसर पर 26 अगस्त को आयोजित होने वाले जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों को लेकर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने नगर निगम से बेहतर व्यवस्थाओं की मांग की है। कमेटी के जिलाध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को 11 सूत्री ज्ञापन सौंपकर जुलूस के मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने की मांग की।
कमेटी ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी अमन, भाईचारे और मोहब्बत का संदेश देने वाला आयोजन है। इस अवसर पर इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने गोरखपुर के तमाम मुस्लिम भाइयों को मुबारकबाद देते हुए प्रशासन से अपील की कि जुलूस में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पहले से बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
ज्ञापन में विद्युत आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक बिजली कटौती नहीं किए जाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा बरसात को देखते हुए सड़कों और गलियों में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा जुलूस मार्गों की विशेष सफाई कराने की मांग की गई।
कमेटी ने सड़कों पर लगे क्रॉस बैनर एवं अन्य अवरोधों को जुलूस से पहले हटाने, मस्जिदों, इमामबाड़ों, मदरसों तथा अन्य प्रमुख स्थलों का संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर वहां की समस्याओं का समय रहते समाधान कराने पर भी जोर दिया। साथ ही सुबह से लेकर रात्रि तक निकलने वाले जुलूसों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कमेटी के सदर सैयद इरशाद अहमद ने मुस्लिम समाज से अपील की कि पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद ﷺ के जन्मदिवस के अवसर पर अमन, भाईचारे और मोहब्बत का पैग़ाम जन-जन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखना और प्रशासन का सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम एवं संबंधित विभाग ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जुलूस से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराएंगे, जिससे किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन देने वालों में हाजी सोहराब खान, सपा नेता आफताब अहमद, उपाध्यक्ष शकील शाही, डॉ. जावेद खान, अहमद अली गुड्डू, मोहम्मद नदीम, कबीर अली, हाफिज मुजीबुर रहमान, मोहम्मद अनीस एडवोकेट, अशफाक हुसैन मेकरानी, जिला प्रभारी महफूज अंसारी आदि लोग मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ