- बच्चों की रचनात्मकता को मंच देना समाज की जिम्मेदारी : अतिथि
गोरखपुर। बच्चों में छिपी रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने, कला के प्रति रुचि विकसित करने और उनमें आत्मविश्वास व सृजनात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. इक़बाल एजुकेशनल एंड रिसर्च फाउंडेशन एवं यूथ स्ट्रेंथ सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित आर्ट प्रतियोगिता 2026 का पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को आइडियल मैरिज हॉल, ऊंचवा, अबू बाजार में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अल्हम्द उमरा टूर एंड ट्रेवल्स एवं अलहम्द डेट्स के स्वामी जकी अहमद और अयाज अहमद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए इस तरह के रचनात्मक आयोजनों की आवश्यकता है। कला बच्चों के व्यक्तित्व विकास, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आयोजकों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में एडवोकेट वसीउद्दीन खान, सिविल कोर्ट गोरखपुर, डॉ. एहसान अहमद, कलीमुल हक (पूर्वांचल दस्तक), मुख्तार अहमद, प्रिंसिपल एम.एस.आई. इंटर कॉलेज तथा कार्यक्रम की एंकर शाहीन शेख विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं मोहम्मद आकिब अंसारी (एम.ए. एकेडमी), महमूद आसिफ व शिरीन आसिफ (जामिया अल इस्लाह एकेडमी नौरंगाबाद), मुजीब अहमद (चौधरी पब्लिक स्कूल), बिल्कीस अजहरी बानो (मौलाना आजाद गर्ल्स इंटर कॉलेज) तथा एडवोकेट खुर्शीद अहमद (एम.ए. एजुकेशनल एकेडमी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अबुजर मोहसिन के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी कला, कल्पनाशक्ति और अन्य रचनात्मक प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें उचित मंच देना भी समाज की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट मोहम्मद राफे ने प्रभावी ढंग से किया। उन्होंने प्रतिभागियों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाए रखा।
समारोह में प्रतियोगिता में विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए दो स्पेशल आर्ट अवार्ड और दो सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। आयोजकों ने कहा कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य उन प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया।
अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिभावकों और शिक्षकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी कल्पनाशक्ति, कलात्मक क्षमता और सृजनात्मक सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आयोजक संस्थाओं की ओर से बताया गया कि बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए भविष्य में भी शैक्षिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा।
अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ।






0 टिप्पणियाँ