वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में उलेमा, श्रमिकों और समाज के सभी वर्गों के योगदान को किया याद
गोरखपुर, 16 अगस्त। एम. ए. एकेडमी, तुर्कमानपुर एवं सनराइज एजुकेशनल एंड वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा ट्रस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की और देश की एकता, अखंडता तथा बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
समारोह में ध्वजारोहण घोसी से आए मौलाना व मुफ्ती अब्बास साहब ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा अमायरा आकिब द्वारा कुरआन की तिलावत से हुआ। इसके बाद विद्यालय के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. मोहम्मद आकिब अंसारी ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी प्रतिदिन केवल दो घंटे भी ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें तो वे देश की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ अनुशासन और निरंतर परिश्रम को जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि आईएएस एकेडमी के चेयरमैन खैरुल बशर ने स्वतंत्रता संग्राम में उलेमा और अन्य वर्गों के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में बड़ी संख्या में उलेमा ने भी अपने प्राणों की कुर्बानी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के इतिहास को जानने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ऐतिहासिक गुरुद्वारा जटाशंकर के अध्यक्ष सरदार जसपाल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई किसी एक धर्म, जाति या समुदाय की लड़ाई नहीं थी, बल्कि इसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर योगदान दिया और अपने प्राणों की आहुति दी।
विशेष अतिथि गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी डॉ. दीनानाथ सिंह ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट एडवोकेट मो. राफे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और मेहनतकश वर्ग की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की प्रगति का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी विजय कुमार श्रीवास्तव, अरशद जमाल समानी, नवीन श्रीवास्तव, हाफिज मोहम्मद सैफ, मसरूर आलम, वरिष्ठ कवयित्री एकता उपाध्याय, युवा समाजसेवी डॉ. मुनाजिर हसन एवं मकसूद अली सहित अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन तहजीब एवं समीरा ने किया। अंत में संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. एहसान अहमद ने विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा परवीन एवं उप प्रधानाचार्या निदा फातमा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, सामाजिक एकता और शिक्षा के महत्व का संदेश प्रमुखता से दिया गया।




0 टिप्पणियाँ