अनाथ आश्रम में बच्चों संग मनाया ईद मिलादुन्नबी, बांटी खुशियां

गोरखपुर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु तआला अलैहि व आलिही वसल्लम की यौमे विलादत के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सचिव आफताब अहमद के नेतृत्व में एशियन सहयोगी संस्था अनाथ आश्रम में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन किया गया। इस दौरान अनाथ आश्रम के बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी खुशियों में शामिल होते हुए फल, मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर आफताब अहमद ने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु तआला अलैहि व आलिही वसल्लम ने पूरी जिंदगी इंसानियत की भलाई, अमन-शांति, मोहब्बत, भाईचारे, समानता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया। उन्होंने समाज को नफरत और भेदभाव से दूर रहकर एक-दूसरे के साथ प्रेम, करुणा और इंसाफ का व्यवहार करने की सीख दी। यतीमों, गरीबों और बेसहारा लोगों के प्रति रहमदिली तथा उनकी मदद करना उनकी शिक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

उन्होंने कहा कि जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु तआला अलैहि व आलिही वसल्लम के बताए रास्ते पर चलने और आपकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का संदेश भी देता है। जरूरतमंदों की मदद करना, बेसहारा लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाना और समाज में आपसी भाईचारा व सौहार्द मजबूत करना ही इस अवसर की वास्तविक भावना है।

आफताब अहमद ने कहा कि अनाथ आश्रम के बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा करना इसी मानवीय भावना का हिस्सा है। समाज के सक्षम लोगों को चाहिए कि वे जरूरतमंद और बेसहारा बच्चों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि उन्हें भी समाज की मुख्यधारा में सम्मान और अपनत्व का एहसास हो सके।

कार्यक्रम के दौरान अनाथ आश्रम के बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। फल और मिठाइयां पाकर बच्चों में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, सेवा, करुणा और इंसानियत का संदेश देने का प्रयास किया गया।

इस मौके पर अरमान अंसारी, दानिश, विजय यादव, अली सोनू, शहाबुद्दीन अली, इमामुद्दीन अहमद, आमिर अली अंसारी, हिमालय कुमार, अनूप यादव, आदिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ