13वें दिन स्थगित हुआ शहीद ठाकुर रोशन सिंह कीर्ति रक्षा आंदोलन

शासन के प्रतिनिधि सिद्धार्थनाथ सिंह ने की वार्ता, आठ सूत्रीय मांगों पर दिया आश्वासन

प्रयागराज। अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह की कीर्ति एवं स्मृतियों की रक्षा को लेकर महुआ डाबर संग्रहालय के तत्वावधान में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 13वें दिन शासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। उत्तर प्रदेश शासन के प्रतिनिधि के तौर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की।

वार्ता से पहले सिद्धार्थनाथ सिंह ने अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक एवं क्रांतिकारी शहीद वंशज डॉ. शाह आलम राना सहित आंदोलन से जुड़े लोगों के साथ विस्तृत वार्ता हुई। वार्ता में शहीद ठाकुर रोशन सिंह की स्मृतियों, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण तथा उनके बलिदान को उचित सम्मान दिलाने से जुड़ी मांगों पर चर्चा हुई।

आंदोलनकारियों की ओर से शहीद ठाकुर रोशन सिंह की कीर्ति रक्षा को लेकर आठ सूत्रीय मांगें शासन के समक्ष रखी गईं। इनमें मंडलीय चिकित्सालय ‘स्वरूप रानी नेहरू’ का नाम बदलकर ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चिकित्सालय’ किए जाने की मांग प्रमुख रही। साथ ही शहीद ठाकुर रोशन सिंह पार्क एवं प्रतिमा स्थल के संरक्षण तथा वहां मौजूद ऐतिहासिक त्रुटियों को दूर करने की मांग भी उठाई गई।

इसके अलावा सिविल लाइन्स चौराहे का नाम ‘अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह चौराहा’ किए जाने, 19 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाले बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर राजकीय कार्यक्रम आयोजित करने तथा शस्त्र सलामी दिए जाने की मांग रखी गई। मंडलीय चिकित्सालय को आधुनिक एवं आदर्श चिकित्सालय के रूप में विकसित करने की मांग भी आंदोलनकारियों ने शासन के सामने रखी।

मलाका जेल से जुड़े प्रमाणिक दस्तावेजों के आधार पर शोध ग्रंथ प्रकाशित कराने, शहीद प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी आठ सूत्रीय मांगों में शामिल रही। इसके साथ ही ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान स्थल को स्वतंत्रता संग्राम सर्किट में शामिल कर उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर दर्ज कराने की मांग की गई।

वार्ता के दौरान सिद्धार्थनाथ सिंह ने आंदोलनकारियों को उनकी मांगों पर शासन स्तर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। शासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने 13वें दिन अपना अनिश्चितकालीन धरना स्थगित करने की घोषणा की।

इस अवसर पर अनिश्चितकालीन धरने के संयोजक डॉ. अवनीश सिंह ने आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी साथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह की स्मृतियों और उनके बलिदान की गरिमा को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन से मिले आश्वासन के बाद धरना फिलहाल स्थगित किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ