आइसा गोरखपुर की 21 सदस्यीय संयोजन समिति गठित, विवेक बने संयोजक


शिक्षा, परीक्षा और रोजगार के सवालों पर आंदोलन तेज करने का संकल्प

गोरखपुर, 17 अगस्त। शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था पर बढ़ते संकट तथा जंतर-मंतर आंदोलन के मुद्दों को लेकर गोरखपुर में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की ओर से जनसंवाद का आयोजन किया गया। इसी दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आइसा गोरखपुर की 21 सदस्यीय संयोजन समिति का गठन किया गया। समिति के संयोजक के रूप में विवेक का चयन किया गया।

समिति का गठन आइसा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनीष कुमार की मौजूदगी में हुआ। सदस्यों की सहमति से विवेक को संयोजक चुना गया। वहीं समिति के कार्यों को गति देने के लिए सोनू यादव, शिवानी और राजवीर को सह-संयोजक चुना गया।

इस अवसर पर आयोजित जनसंवाद को संबोधित करते हुए आइसा प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी और ‘जेन जी राइजिंग’ आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन को व्यापक बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर आइसा को मजबूत करना होगा। संगठन का उद्देश्य जमीनी स्तर पर छात्रों और युवाओं को संगठित कर जनता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाना है।

इतिहासकार एवं कवयित्री सुनीता अबाबील ने कहा कि जंतर-मंतर का आंदोलन अचानक पैदा हुई घटना नहीं है, बल्कि राज्य की लगातार जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लंबे समय से पनप रहे असंतोष और घुटन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को जेन-जी पीढ़ी ने नेतृत्व दिया है और यह व्यापक सामाजिक परिवर्तन के अभियान का हिस्सा बन चुका है।

जन संस्कृति मंच के महासचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि छात्र-युवा आंदोलन ने समाज में नई उम्मीद पैदा की है। शिक्षा, परीक्षा और रोजगार के सवाल आज युवाओं के प्रमुख मुद्दे बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि आइसा और आरवाईए इन सवालों को लेकर लगातार आंदोलन करते रहे हैं और आने वाले समय में यह आंदोलन और मजबूत होगा।

अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के प्रदेश सचिव राजेश साहनी ने कहा कि छात्र-युवा आंदोलन के साथ मजदूर, किसान और अन्य वर्गों के आंदोलनों की एकजुटता से व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बदलाव के लिए सभी वर्गों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

जनसंवाद के दौरान छात्रों, युवाओं और विभिन्न तबकों से आए लोगों ने शिक्षा, परीक्षा, रोजगार तथा मौजूदा परिस्थितियों से जुड़े सवाल उठाए, जिनका वक्ताओं ने जवाब दिया। कार्यक्रम में भास्कर, शशिकांत, पवन सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व और संगठन के प्रति आभार जताते हुए आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का संकल्प लिया। जनसंवाद का संचालन आइसा नेता विवेक ने किया।

इस दौरान भाकपा माले के जिला सचिव राकेश सिंह, मनोज मिश्रा, शिक्षक नेता रामप्रताप, शिक्षक श्रावण प्रसाद, बजरंगी निषाद, मनोज निषाद, विनोद भारद्वाज, सुदाम भारती, शशिकांत सिंह, पवन कुमार, कुलदीप गौतम, पियांशु, अश्वनी, प्रियंका, प्रिया, तनु कुमारी, मंजली, राजवीर समेत बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ